एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में खीरी पुलिस का बड़ा अभियान, एक दिन में 62 वांछित और वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल|जनपद में अपराधियों और न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी अभियुक्तों के खिलाफ खीरी पुलिस ने शनिवार को व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में जनपद की विभिन्न थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान 62 वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

एसएसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी/पश्चिमी) एवं समस्त क्षेत्राधिकारियों की निगरानी में चलाए गए अभियान में हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, दहेज उत्पीड़न, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी, चेक बाउंस, मारपीट एवं बलवा जैसे गंभीर मामलों में न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों का तामील कराया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें संबंधित न्यायालयों में पेश किया गया।

इन थानों में हुई सबसे बड़ी कार्रवाई

अभियान के दौरान थाना हैदराबाद और मितौली पुलिस ने सर्वाधिक 7-7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा मैगलगंज, खीरी और पढुआ पुलिस ने 6-6, भीरा और धौरहरा ने 4-4, पलिया, खमरिया और फूलबेहड़ ने 3-3, जबकि ईसानगर, नीमगांव, फरधान और निघासन पुलिस ने 2-2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। वहीं चंदन चौकी, सम्पूर्णानगर, शारदानगर, मोहम्मदी और गौरीफंटा थाना पुलिस ने एक-एक वारंटी को गिरफ्तार किया।

गंभीर मामलों के आरोपी भी दबोचे गए

अभियान के दौरान जिन मामलों में वारंट तामील कराए गए उनमें हत्या के प्रयास (धारा 307), दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, दहेज उत्पीड़न, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी, चेक बाउंस तथा मारपीट और बलवा जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और न्यायालय से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय तक पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वांछित और वारंटी अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।