रमेश चंद्र डाड
स्मार्ट हलचल|बरुंदनी से भीलवाड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित बरूंदनी रेलवे स्टेशन के पास बने रेलवे अंडरब्रिज की कम ऊंचाई से आमजन को हो रही भारी परेशानी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समस्या के समाधान को लेकर ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने रेलवे अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपकर अंडरब्रिज की ऊंचाई बढ़ाने की पुरजोर मांग की है।
बड़े वाहनों का निकलना मुश्किल, 5 मीटर ऊंचाई करने की मांग
सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि इस अंडरब्रिज की वर्तमान ऊंचाई लगभग 4 मीटर ही है, जिसके कारण बस और ट्रक जैसे बड़े वाहन यहां से नहीं निकल पाते। बड़े वाहनों के नहीं निकलने के कारण वाहन चालकों को मजबूरन लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की भारी बर्बादी हो रही है। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से अंडरब्रिज की ऊंचाई बढ़ाकर कम से कम 5 मीटर करने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके।
श्रद्धालुओं और मरीजों के लिए एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव जरूरी
अंडरब्रिज के साथ-साथ ग्रामीणों ने बरूंदनी रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की भी जोरदार मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र के निकट मेवाड़ का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिंगोली चारभुजा नाथ मंदिर और चंवरा के हनुमान मंदिर स्थित हैं, जहां दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में दूर-दराज से श्रद्धालु आते हैं।
इसके अलावा, क्षेत्र के गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अक्सर अहमदाबाद जाना पड़ता है। लेकिन स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से मरीजों और श्रद्धालुओं दोनों को भारी परेशानी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
ज्ञापन देने के दौरान प्रशासक गजेंद्र साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम लाल अहीर सहित गांव के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, यदि रेलवे प्रशासन द्वारा जल्द इसका समाधान नहीं किया गया, तो मजबूरन उग्र आंदोलन किया जाएगा।
