(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश से वंचित छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। उच्च शिक्षा आयुक्तालय ने महाविद्यालयों में रिक्त सीटों, डिफॉल्टर्स की संख्या और विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए तृतीय मेरिट सूची एवं तृतीय प्रतीक्षा सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही छात्राओं को दस्तावेज सत्यापन और ऑनलाइन फीस जमा कराने का अंतिम अवसर दिया गया है।
सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सावन कुमार जांगिड़ ने बताया कि जिन छात्राओं ने पूर्व मेरिट सूची में दस्तावेज सत्यापन या फीस जमा नहीं करवाई थी, उन्हें तीसरी मेरिट व प्रतीक्षा सूची के माध्यम से अंतिम मौका दिया गया है। तीसरी मेरिट सूची में कला संकाय में 128, जीव विज्ञान में 41, गणित में 42, बी.कॉम. में 56 तथा बी.एससी. गृह विज्ञान में 14 छात्राओं को प्रवेश का अवसर मिला है। वहीं कला वर्ग में 495 और जीव विज्ञान में 73 छात्राओं को प्रतीक्षा सूची में शामिल किया गया है।
प्रवेश प्रभारी डॉ. सीमा गौड़ ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने वाली लगभग सभी छात्राओं को अब प्रवेश का अवसर मिल चुका है। इच्छुक छात्राओं को 8 जुलाई तक महाविद्यालय में दस्तावेज सत्यापन करवाकर ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन फीस जमा करानी होगी। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय हमीरगढ़ और कैलाश त्रिवेदी राजकीय कन्या महाविद्यालय, गंगापुर में भी कला संकाय की 200-200 सीटों के लिए तीसरी मेरिट एवं प्रतीक्षा सूची जारी कर प्रवेश प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
