बानसूर।स्मार्ट हलचल|बानसूर में पहली बार हुए संयुक्त व्यापार संघ के चुनाव संपन्न हो गए हैं। इन चुनावों में रोशनलाल सैनी को अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, यादराम सोलंकी उपाध्यक्ष और पवन योगी कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं। चुनाव प्रभारी रामानंद कुमावत, मोती लाल पारीक, अशोक यादव, हरिसिंह सैनी और अमरसिंह यादव के नेतृत्व में कराए गए। सभी व्यापार मंडलों के अध्यक्षों ने मतदान किया। कुल 55 व्यापार मंडल संगठनों में से 54 अध्यक्षों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए हंसराज गोलिया, रोशनलाल सैनी और मुकेश मालू सिंह ने नामांकन भरा था। उपाध्यक्ष पद पर यादराम सोलंकी और पप्पूराम कुमावत ने दावेदारी की, जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए यासीन मोहम्मद, पवन योगी और ओमप्रकाश गुप्ता मैदान में थे। महामंत्री पद पर फूलसिंह और मंत्री पद पर ब्रह्मप्रकाश यादव निर्विरोध चुने गए।मतदान दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक चला, जिसके परिणाम शाम 5 बजे घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के लिए रोशनलाल सैनी को 28 मत मिले, जिससे उन्होंने जीत हासिल की। हंसराज गोलियां को 13 मत और मुकेश मालू सिंह को 13 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार, रोशन लाल सैनी 15 मतों के अंतर से विजयी घोषित किए गए। उपाध्यक्ष पद पर यादराम सोलंकी और कोषाध्यक्ष पद पर पवन योगी ने भी जीत दर्ज की। चुनाव परिणामों के बाद, सभी व्यापारी संगठनों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष का माला और साफ़ा पहनाकर स्वागत किया।










