कोटा विश्वविद्यालय में आज से शुरू होगा मलखंभ का रोमांच
कोटा।स्मार्ट हलचल|कोटा विश्वविद्यालय में बुधवार से कोटा विश्वविद्यालय तथा भारतीय विश्वविद्यालय संघ के संयुक्त तत्वावधान में अखिल भारतीय मलखंब पुरुष प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। इसमें शहर वासियों को भारत के पारंपरिक खेल मलखंब का रोमांच देखने को मिलेगा।
आयोजन सचिव डॉ विजय सिंह ने बताया कि 28 से 30 अक्टूबर तक होने वाली इस अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय मलखंभ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न विश्वविद्यालय के खिलाड़ी छात्र कोटा पहुंच चुके हैं जिनके आवास एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।
कुलसचिव मुरलीधर प्रतिहार ने बताया कि बुधवार प्रात: 11:00 बजे विश्वविद्यालय स्थित खेल संकुल सभागार में प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित होगा और प्रतियोगिता समापन के दिवस पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।
यह होंगे अतिथि
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय मलखंभ पुरुष प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो भगवती प्रसाद सारस्वत होंगे जबकि अति विशिष्ट अतिथि कोटा जंक्शन के विधायक संदीप शर्मा तथा लाडपुरा की विधायक और खेल मंडल की अध्यक्ष कल्पना देवी होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो विमला डूंकवाल करेंगी जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में आरटीयू के कुलगुरु निमित्त रंजन चौधरी एमपीयूएटी उदयपुर के कुलगुरु प्रो प्रताप सिंह धाकड़ और भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन उपस्थित रहेंगे।
60 विश्वविद्यालय के खिलाड़ी छात्र पहुंचे कोटा
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मंगलवार तक पूरे देश के विभिन्न राज्यों से 60 विश्वविद्यालयों के लगभग 350 खिलाड़ी छात्र मलखंभ प्रतियोगिता में भाग लेने कोटा पहुंच चुके हैं। जो टीम इवेंट तथा व्यक्तिगत मुकाबलों में पदक हासिल करने के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। विजेता खिलाड़ियों को समापन दिवस पर पुरस्कृत किया जाएगा।
मैनेजर मीटिंग का हुआ आयोजन
प्रतियोगिता आयोजन की पूर्व संध्या पर प्रतियोगिता स्थल पर मैनेजर मीटिंग का आयोजन हुआ। जिसमें आयोजन सचिव डॉ विजय सिंह ने प्रत्येक टीम के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए टीम मैनेजर एवं कोच को प्रतियोगिता से संबंधित नियमों की जानकारी दी और उनसे अनुशासन बनाए रखने की अपील की। 60 विश्वविद्यालय के खिलाड़ी छात्रों के साथ लगभग 120 टीम मैनेजर एवं कोच भी कोटा आए हुए हैं।