उनियारा पुलिस ने नकबजनी का खुलासा-आरोपी गिरफ्तार-चोरी के जेवरात और बाइक बरामद

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल।उनियारा थाना पुलिस ने नकबजनी के दर्ज मामले का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। उक्त कार्रवाई जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव के मार्गदर्शन एवं वृत्ताधिकारी अशोक कुमार कानखेडिया के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी कप्तान सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी शाहरुख पुत्र इस्माइल, निवासी वार्ड नंबर 5, अलीगढ़ जिला टोंक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रामनिवास बैरवा निवासी उनियारा ने 29 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जून को वह निजी कार्य के चलते घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनके मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में उनियारा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस आरोपी से अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।