यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिला मीणा समाज का प्रतिनिधिमंडल, एसटी आरक्षण की मांग उठाई

✍️राकेश मीणा

लखनऊ।स्मार्ट हलचल|उत्तर प्रदेश में मीणा समाज को अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा एवं आरक्षण का लाभ दिलाने की मांग को लेकर मीणा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने समाज की वर्षों पुरानी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखा और विभिन्न जिलों में निवासरत मीणा समाज के लोगों के लिए एसटी प्रमाण-पत्र जारी करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबंधित शासनादेशों, जांच रिपोर्टों तथा विभिन्न जिलों से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए मांग की कि पूरे मामले का गंभीरता से परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनी और दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए आवश्यक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई का आश्वासन दिया।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में निवासरत मीणा समाज लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से मांग की कि इस मामले में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के साथ केंद्र सरकार के स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मीणा समाज की एसटी आरक्षण की मांग को लेकर जल्द ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से समाज का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल लखनऊ पहुंचकर सरकार के समक्ष अपनी बात रखेगा।