राज्य के 35 उच्च प्राथमिक विद्यालय सीधे उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत,

 

* शिक्षा सत्र 2026-27 से लागू होगा आदेश-माध्यमिक शिक्षा निदेशक बीकानेर ने जारी किए निर्देश

शिवराज बारवाल मीना
बीकानेर/जयपुर/टोंक । स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार ने प्रदेश के 35 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों को सीधे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत करने का आदेश जारी किया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक, बीकानेर द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय शिक्षा सत्र 2026-27 से प्रभावी रहेगा और नवक्रमोन्नत विद्यालयों में इसी सत्र से कक्षा संचालन प्रारंभ किया जाएगा।
आदेश के अनुसार राज्य सरकार की स्वीकृति के बाद इन विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से कक्षा 9, 10, 11 एवं 12 का संचालन किया जाएगा। विद्यालयों में विषयवार स्वीकृत पदों के अनुरूप व्याख्याताओं की नियुक्ति तथा आवश्यक शैक्षणिक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
*आदेश की प्रमुख बातें*
* प्रदेश के 35 उच्च प्राथमिक विद्यालय सीधे उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत।
* आदेश शिक्षा सत्र 2026-27 से प्रभावी रहेगा।
* चरणबद्ध रूप से कक्षा 9 से 12 तक का संचालन होगा।
* स्वीकृत पदों के अनुसार व्याख्याताओं की नियुक्ति की जाएगी।
* विद्यालयों में भवन, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।
* छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक कार्य बिना बाधा जारी रखने के निर्देश।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नवक्रमोन्नत विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्णय उन क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां उच्च माध्यमिक स्तर की शिक्षा के लिए अब तक अन्य विद्यालयों पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को स्थानीय स्तर पर ही उच्च माध्यमिक शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।