(हरिप्रसाद शर्मा)
पुष्कर/ अजमेर/स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार द्वारा संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत ग्राम खोरी स्थित वैद्यनाथ महादेव मंदिर परिसर एवं जल स्रोत क्षेत्र में श्रमदान एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल स्रोतों की सफाई, गाद एवं कचरा हटाने तथा जल संरक्षण के प्रति जनजागरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर, तहसीलदार इन्द्रजीत सिंह चौहान, विकास अधिकारी सुधीर पाठक, पूर्व सरपंच घनश्याम सिंह कड़ेल , सरपंच कानस महेन्द्र सिंह रावत, अरविन्द पारीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वयं श्रमदान कर जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों की नियमित सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की शपथ भी दिलाई गई।
उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। जल स्रोतों का संरक्षण एवं संवर्धन आने वाली पीढ़ियों के लिए आवश्यक है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस दिशा में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं एवं पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। अभियान के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता का प्रभावी संदेश दिया गया।
