गुरु पूर्णिमा पर विद्यालयों में हुए विविध आयोजन, शिक्षकों ने किया पौधरोपण

राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) खण्ड कोटड़ी के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ब्लॉक के अनेक विद्यालयों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर शिक्षकों ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति में गुरु के योगदान से अवगत कराया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न विद्यालय परिसरों में पौधरोपण भी किया गया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया गया। महासंघ के जिला कोषाध्यक्ष शान्ति लाल पोखरना, खण्ड अध्यक्ष दुर्गाशंकर शर्मा तथा खण्ड मंत्री पुष्पेंद्र काबरा ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति का प्रेरणादायी पर्व है जो गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और ज्ञान परंपरा को सुदृढ़ करने का संदेश देता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में संस्कार, पर्यावरण संरक्षण एवं नैतिक मूल्यों के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गुरुजनों का सम्मान किया तथा समाज और प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।