वसुंधरा बहुत पछताई, अब के कुर्सी हाथ न आई
हेला ख्याल दंगल में आतंकवाद, मिलावट, कलयुग का प्रभाव, देश के वर्तमान हालातों एवं राजनीति पर गायन पार्टियों ने प्रस्तुत की रचनाएं
दंगल में उमड़ा जनसैलाब
सूरौठ। स्मार्ट हलचल|गणगौर मेले के अवसर पर यहां सीताराम जी के मंदिर के सामने बनाए गए पांडाल में चल रहे हेला ख्याल दंगल में सोमवार को गायन पार्टियों ने आतंकवाद, मिलावट, कलयुग का प्रभाव, देश के वर्तमान हालातों, राजनीति एवं भ्रष्टाचार पर रचनाएं प्रस्तुत की। इसके अलावा गायन पार्टियों ने महाभारत, रामायण सहित विभिन्न धार्मिक ग्रंथो से जुड़े प्रसंगों पर रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बजरंग मंडल माड का जाहीरा (बामनवास) गायन पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2023 पर “वसुंधरा बहुत पछताई, अब के कुर्सी हाथ न आई, भजनलाल को आयो नाम, राजे अचरज में पड़ गई है” रचना प्रस्तुत की। ग्राम पंचायत जटवाडी (सपोटरा) गायन पार्टी ने अभिमन्यु वध का बदला एवं जयद्रथ वध प्रसंग पर रचनाएं प्रस्तुत की जिन्हें श्रोताओं ने खूब सराहा। मीणा मंडल सूरौठ गायन पार्टी ने जैमिनी ऋषि प्रसंग पर रचनाएं प्रस्तुत की जिन पर लोगों ने खूब तालियां बजाई। हेला ख्याल दंगल में बामनवास, हनुमान मंडल मीना बड़ौदा, बजरंग मंडल खरैरी, सूरौठ, रामसहाय मंडल हिंडौन, सोंप, खान खेड़ा, जटवाडी, जाहीरा, बागरैन सहित कई गायन पार्टियों ने राजनीति, कलयुग के प्रभाव, एतिहासिक, धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर रचनाएं प्रस्तुत की। हेला ख्याल रचना शुरू करने से पहले मेला कमेटी संयोजक राम अवतार शर्मा, नरेंद्र बाबा, केदार मीणा, प्रमोद तिवाड़ी, संपत कटकड़िया, रामचरण जंगम, वेद प्रकाश शर्मा, विश्राम मीणा, जाकिर हुसैन, राजेंद्र शर्मा, अमर सिंह मीणा, राजेंद्र विजय, राकेश शुक्ला, रघुनाथ पटेल आदि ने गायन पार्टियों के कलाकारों का सम्मान किया। दंगल में गायक कलाकारों ने बम बजाकर डांस किया। हेला ख्याल दंगल गणगौर मेले में आकर्षण का केंद्र रहा। कस्बे में हेला ख्याल दंगल करीब 280 साल से आयोजित हो रहा है।
