11 हजार गोबर कंडों से सजेगी वैदिक होलिका, पर्यावरण संदेश के साथ आज होगा दहन

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|पर्यावरण संरक्षण और गौसंवर्धन का संदेश देते हुए श्री अग्रवाल समाज संपत्ति ट्रस्ट के तत्वावधान में अग्रवाल नवयुवक मंडल एवं महिला मंडल द्वारा सोमवार, 2 मार्च 2026 को वैदिक परंपरा के अनुसार 11 हजार गोबर कंडों से निर्मित होलिका का दहन किया जाएगा। आयोजन अग्रवाल उत्सव भवन (रोडवेज बस स्टैंड के सामने) में होगा।
नवयुवक मंडल सचिव वेंकटेश गोयल एवं धीरज अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गोशालाओं से मंगवाए गए लगभग 11 हजार कंडों से होलिका का निर्माण किया गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ गौपालन को बढ़ावा मिले।
हर्बल गुलाल और प्राकृतिक रंगों से सुसज्जित होलिका आकर्षण का केंद्र बनेगी। कार्यक्रम के दौरान भजन गायकों द्वारा फाग गीतों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
आयोजन में पवन अग्रवाल, कृष्णगोपाल मंगल, सौरभ बंसल, दीपक अग्रवाल, वैभव अग्रवाल सहित मंडल के सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा।
हरित होली की यह पहल शहर में सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक परंपरा का अनूठा उदाहरण है।