वरिष्ठों के अनुभवों से सीखें युवा पत्रकार, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की मासिक बैठक में मंथन
बैठक में आधुनिक पत्रकारिता की चुनौतियों पर हुई चर्चा
स्मार्ट हलचल|खागा (फतेहपुर) ऐरायां ब्लाक सभागार में रविवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील इकाई खागा की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में ऐरायां, धाता, विजयीपुर और हथगाम ब्लाक के विभिन्न गांव-कस्बों से आए पत्रकारों ने प्रतिभाग किया। बैठक में आधुनिक पत्रकारिता और उसके सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश द्विवेदी, शिवशरण बंधु, रामनारायण विश्वकर्मा, केदारनाथ शुक्ला, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण पांडेय और अमित मिश्र ने युवा पत्रकारों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता ही लोकतंत्र की असली नब्ज है और चुनौतियों के बीच निष्पक्षता बनाए रखना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित आनंद कुमार मिश्र को सम्मानित किया गया। उन्होंने युवा पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि अपने वरिष्ठजनों की बातों और उनके अनुभवों की कभी अनदेखी न करें। ये वरिष्ठजन हमारी पत्रकारिता के दीपक हैं, इनकी रोशनी में ही हमारी पत्रकारिता रोशन होगी। वहीं हथगाम से आए राजेश यादव और बच्छराज मौर्य ने ग्रामीण क्षेत्र में समाचार संकलन के दौरान आने वाली समस्याओं को रखा। बैठक में कई साथियों ने संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव भी दिए, जिन पर तहसील इकाई ने आगामी बैठक से पूर्व अमल का भरोसा दिया। बैठक में राज्य मुख्यालय से मान्यता प्राप्त पत्रकार रोहित महेश्वरी का संगठन की ओर से फूल माला व प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। जिलाध्यक्ष कुमुद तिवारी ने संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ सिंह ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया है। यह संगठन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक और सराहनीय पहल है। यह वेबसाइट प्रदेश भर के ग्रामीण पत्रकारों की गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और पत्रकारिता से जुड़े विषयों को एक सशक्त डिजिटल मंच प्रदान करेगी और निश्चित रूप से संगठन को और अधिक सशक्त व संगठित बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। बैठक में सुनील तिवारी, अशोक कुमार सिंह, शिवशरण बंधु, राजेश यादव, मोईन, मनोज कुमार, अरुण कुमार केसकर, विज्ञान सिंह, गोपी तिवारी, यश गुप्ता, सुधीर तिवारी, दीपक सिंह वैस, यश यादव, रमेश प्रसाद गुप्ता, संतोष कुमार, चेतन बाजपेई, दिनेश सिंह, हेमराज मौर्य, अमित सोनी, अतुल चौरसिया, अखिलेश अग्रहरी, दुर्गेश अवस्थी, श्याम सिंह यादव, सौरभ सिंह, अनूप तिवारी सहित तहसील इकाई के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।