पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|गांधीनगर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति अपनी मां के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और एसपी सागर राणा के समक्ष न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित ने ज्ञापन सौंपकर गांधीनगर थाने में तैनात कॉन्स्टेबल पर पैसे मांगने और मामले में समझौता करने का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।पीड़ित दिनेश सिंह राठौड़ ने बताया कि वर्ष 2006 में उसके पिता ने एक प्लॉट खरीदा था। तब से उक्त जमीन पर उनका कब्जा है। इसी जमीन को सुरेश लखारा नामक व्यक्ति अपना बताते हुए विवाद खड़ा कर रहा है। दिनेश के अनुसार, जमीन को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है। आरोप है कि इसके बावजूद सुरेश लखारा और उसके परिवार के लोग जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे और वहां बने कच्चे निर्माण को तोड़ दिया तथा कब्जे में रखी जमीन को नुकसान पहुंचाया।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर उसे धमकियां दी गईं। उसने बताया कि आरोपी कथित तौर पर 30 लाख रुपये तक खर्च करने की बात कहते हुए उसे जमीन से हटाने की धमकी दे रहा है। धमकियों के चलते वह पिछले तीन दिनों से अपने घर नहीं जा पा रहा है और परिवार से भी नहीं मिल पा रहा।
दिनेश ने आरोप लगाया कि गांधीनगर थाने में उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई, जबकि दूसरे पक्ष की रिपोर्ट पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। उसने गांधीनगर थाने में तैनात एक कॉन्स्टेबल पर पैसे मांगने और सेटलमेंट का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। पीड़ित ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
