तहनाल में सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|किसान सेवा केंद्र तहनाल में बैंक ऑफ इंडिया, शाहपुरा शाखा की ओर से सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों को भ्रष्टाचार, साइबर अपराध और बैंकिंग धोखाधड़ी के प्रति सजग करते हुए सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सतर्कता अधिकारी कपिल, बैंक ऑफ इंडिया शाहपुरा शाखा प्रबंधक अशोक मीणा एवं बैंक मित्र मुकेश बैरवा ने ग्रामीणों को साइबर ठगी के बदलते तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अनजान व्यक्ति के फोन, लिंक या संदेश पर भरोसा करने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। ग्रामीणों को ओटीपी फ्रॉड, फिशिंग कॉल, फर्जी संदेश, सोशल इंजीनियरिंग और ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
म्यूल अकाउंट के जरिए फंसाते हैं साइबर अपराधी
कार्यक्रम में म्यूल अकाउंट (Mule Account) को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी कई बार लोगों को कमीशन अथवा आसानी से पैसा कमाने का लालच देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध धन प्राप्त करने और उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए करते हैं। ऐसे मामलों में खाताधारक भी कानूनी परेशानी में फंस सकता है। इसलिए किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते का इस्तेमाल दूसरे के पैसे के लेन-देन के लिए नहीं करने देना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को सलाह दी कि बैंक खाता, एटीएम/डेबिट कार्ड, पिन, ओटीपी, यूपीआई पिन और इंटरनेट बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें। बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले व्यक्तियों से भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की गई।
ईमानदारी और पारदर्शिता का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता, ईमानदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे संदिग्ध बैंकिंग गतिविधि अथवा साइबर अपराध की जानकारी संबंधित बैंक अथवा सक्षम एजेंसी को दें और स्वयं भी जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में तहनाल पंचायत की सरपंच गोविंद कंवर, उपसरपंच एवं भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जीवराज गुर्जर, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष रामजस गुर्जर, पूर्व जीएसएस अध्यक्ष अर्जुन गुर्जर, महावीर गुर्जर, निर्मल पंवार, रघुनाथ गुर्जर, मदन कुमावत, टिल्लू बैरवा, आयालाल बैरवा, जितेंद्र मेघवंशी, भागचंद भील, हेमराज बैरवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सहकारी समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बैंक अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताया। आयोजकों ने सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग को अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति तत्काल सजग रहने का आह्वान किया।