_हिंदू सुरक्षा परिषद ने दी चेतावनी, दो दिन में चिकित्सक की तैनाती नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन_
खखरेरू /स्मार्ट हलचल।फतेहपुर धाता विकासखंड के मुबारकपुर गेरिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से चिकित्सक की तैनाती न होने से नाराज ग्रामीणों और हिंदू सुरक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए रक्षपालपुर-अझुवा मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद जाम समाप्त कराया जा सका।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2022 में स्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पिछले करीब एक वर्ष से नियमित चिकित्सक की तैनाती नहीं है। इसके कारण क्षेत्र की लगभग डेढ़ लाख आबादी को प्राथमिक उपचार समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 15 से 20 किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सहारा लेना पड़ता है। आपात स्थिति में लोगों को झोलाछाप चिकित्सकों के भरोसे रहना पड़ रहा है।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे सैकड़ों ग्रामीण और हिंदू सुरक्षा परिषद के कार्यकर्ता अस्पताल के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन करने लगे। दोपहर करीब 12:30 बजे प्रदर्शनकारियों ने रक्षपालपुर-अझुवा मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने धरने का नेतृत्व कर रहे अंशु मिश्रा की एसडीएम खागा से वार्ता कराई, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
धरने की सूचना पर पहुंचे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि पीएचसी में तैनात चिकित्सक का मई 2026 में स्थानांतरण हो चुका है। वहीं, पीएचसी में तैनात फार्मासिस्ट अनिल कुमार ने दावा किया कि पिछले छह माह से केंद्र पर कोई चिकित्सक तैनात ही नहीं है। दोनों के बयानों में विरोधाभास सामने आने पर प्रदर्शनकारी भड़क उठे और नारेबाजी तेज कर दी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अस्पताल पूरी तरह बदहाल हो चुका है। परिसर में जंगली झाड़ियां उग आई हैं, चारों ओर गंदगी फैली है और दो माह से हैंडपंप खराब पड़ा है। सफाईकर्मी की भी तैनाती नहीं है। मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ रहा है। गौराहार गांव की शांति देवी ने बताया कि पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थीं, लेकिन डॉक्टर न होने के कारण उन्हें चार दिन बाद आने की सलाह देकर वापस भेज दिया गया। जबकि अधीक्षक का दावा है कि वह बराबर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हैं निरीक्षण के बावजूद स्वास्थ्य केंद्र बदहाली की हालत में कैसे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिस चिकित्सक की तैनाती का दावा अधीक्षक कर रहे हैं, वह न तो अस्पताल कर्मियों को दिखाई दिया और न ही ग्रामीणों को। इससे लोगों में रोष और बढ़ गया। हिंदू सुरक्षा परिषद और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर चिकित्सक की तैनाती नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, अधीक्षक द्वारा कथित रूप से भ्रामक जानकारी दिए जाने को लेकर भी ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। प्रदर्शन में हिंदू सुरक्षा परिषद के आशीष शुक्ला गौ रक्षा प्रदेश अध्यक्ष विद्यार्थीअंशु मिश्रा विष्णु कांत तिवारी अमन सिंह मनीष गोस्वामी शिवम संत सेवक बिल्लू सतबीर लवलेश अंकुर पाल एवं सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे हैं।
