पानी की किल्लत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कीः Villagers angry over water shortage

 

दूनी-आवां मार्ग पर प्रदर्शन, सरकार और विधायक के खिलाफ नारेबाजी

अविनाश मीणा |

घाड़ (देवली), टोंक

देवली-स्मार्ट हलचल|उनियारा विधानसभा क्षेत्र की चांदसिंहपुरा ग्राम पंचायत के हनुमानपुरा और नयागांव गोठड़ा में गहराते पेयजल संकट से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को दूनी-आवां मार्ग पर करीब 30 मिनट तक जाम लगा दिया। पिछले एक महीने से नलों में पानी नहीं आने के कारण यह विरोध प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी और स्थानीय विधायक राजेंद्र गुर्जर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का विशेष रोष विधायक राजेंद्र गुर्जर के प्रति था, क्योंकि नयागांव गोठड़ा पोलिंग बूथ पर उन्हें रिकॉर्ड तोड़ 850 मत मिले थे, जबकि कुल मत 1050 थे।

ग्रामीणों को उम्मीद थी कि भारी जनसमर्थन के बाद उनकी पेयजल समस्या का समाधान होगा, लेकिन । स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।

पेयजल के साथ-साथ ग्रामीणों ने गांव की बुनियादी सुविधाओं पर भी सवाल उठाए। नयागांव गोठड़ा में सड़क की हालत अत्यंत खराब है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी मतदान के बावजूद क्षेत्र विकास की राह देख रहा है।

जाम की सूचना मिलते ही आवां पुलिस चौकी प्रभारी रामकिशन मीणा मौके पर पहुँचे और ग्रामीणों से समझाइश की। बीसलपुर पेयजल परियोजना के सुपरवाइजर जगदीश मीणा व रामलाल गुर्जर ने भी आश्वासन दिया कि सोमवार से पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी।

इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। करीब आधे घंटे तक लगे जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं होती है, तो वे टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी को ज्ञापन सौंपेंगे और उग्र आंदोलन करेंगे।

इस मौके पर सरपंच पुत्र गुलाब चन्द गुर्जर, सीताराम गुर्जर, रामसहाय जेराज, हेमराज, लोकेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।