खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर धाता विकासखंड के ग्राम सभा जहांगीर नगर गहुरा में 50 मीटर पक्के मार्ग के निर्माण की मांग लंबे समय से अधूरी पड़ी है। शिकायतों के बावजूद निर्माण कार्य शुरू न होने से ग्रामीण को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।गांव निवासी मोहम्मद हारुन पुत्र फैजुद्दीन ने बताया कि उन्होंने ग्राम प्रधान, खंड विकास अधिकारी और जिला प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक 50 मीटर पक्के मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया।पीड़ित के अनुसार, गांव में करीब 50 मीटर की दूरी पर दो-तीन लोगों के मकान बने हुए हैं, जहां तक जाने के लिए अभी भी कच्चा रास्ता ही है।
बरसात के मौसम में यह मार्ग बेहद फिसलन भरा हो जाता है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है और कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि उनके मकान से कुछ दूरी पर एक तरफ आरसीसी इंटरलॉकिंग और दूसरी ओर खड़ंजा का निर्माण कराया जा चुका है, लेकिन बीच के हिस्से को छोड़कर काम बंद कर दिया गया। यदि पूर्व-पश्चिम दिशा में बने खड़ंजे को दक्षिण दिशा की इंटरलॉकिंग से जोड़ दिया जाए तो आवागमन सुगम हो सकता है।
ग्रामीण का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद खड़ंजा और नाली निर्माण का कार्य न होने से उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी धाता राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
