जनकल्याण शिविर से पहले सड़क पर ग्रेवल डालने से ग्रामीणों में रोष, स्थायी समाधान की मांग

बनेड़ा। स्मार्ट हलचल।कासोरिया की पथवारी से जासोरिया मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर वर्षों से मांग कर रहे ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रशासन पर केवल खानापूर्ति करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि जनकल्याण शिविर में सड़क की समस्या उठने की संभावना को देखते हुए शिविर से एक दिन पूर्व मार्ग के कुछ हिस्सों में ग्रेवल डलवाकर औपचारिकता पूरी की गई है।

ग्रामीण कुलदीप उपाध्याय ने बताया कि मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढों में सीमित मात्रा में ग्रेवल डाल देने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सड़क का स्तर आसपास के खेतों से नीचे होने के कारण बरसात के दौरान पानी मार्ग पर भर जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों के अनुसार जब तक सड़क को ऊंचा नहीं किया जाएगा, दोनों ओर समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होगी तथा पानी के बहाव में बाधा बन रहे अतिक्रमण नहीं हटाए जाएंगे, तब तक समस्या जस की तस बनी रहेगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्थायी मरम्मत के बजाय सड़क का स्थायी एवं तकनीकी समाधान किया जाए, ताकि हर वर्ष बरसात के मौसम में होने वाली परेशानी से क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।