राजस्थान के गांव डिजिटल क्रांति की दहलीज पर: मंजू शर्मा

98.40 प्रतिशत गांवों तक पहुंचा मोबाइल इंटरनेट, पूरे प्रदेश में 5जी सेवाएं उपलब्ध; भारतनेट से 6,094 ग्राम पंचायतें हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड से जुड़ीं

जयपुर/नई दिल्ली

जयपुर/नई दिल्ली, स्मार्ट हलचल। जयपुर लोकसभा सांसद मंजू शर्मा ने कहा है कि राजस्थान तेजी से डिजिटल कनेक्टिविटी के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। जून 2026 तक प्रदेश के 46,077 गांवों में से 45,341 गांवों (98.40 प्रतिशत) तक मोबाइल इंटरनेट की पहुंच सुनिश्चित की जा चुकी है। वहीं, प्रदेश के सभी जिलों में 5जी सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों तक हाई-स्पीड इंटरनेट का विस्तार तेजी से हो रहा है।

मंजू शर्मा ने बताया कि यह जानकारी उन्हें लोकसभा में पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर द्वारा दी गई है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को साकार करने के लिए राजस्थान सहित देश के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में दूरसंचार सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। जिन बसे हुए गांवों में अभी मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, वहां तकनीकी एवं व्यावसायिक व्यवहार्यता के आधार पर दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) के माध्यम से नेटवर्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि डिजिटल भारत निधि (डीबीएन) के वित्तपोषण से नेटवर्क विहीन गांवों में मोबाइल टावर स्थापित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं संशोधित भारतनेट कार्यक्रम के तहत सभी ग्राम पंचायतों तथा मांग के अनुसार गांवों तक हाई-स्पीड फाइबर ब्रॉडबैंड पहुंचाने का कार्य भी तेजी से जारी है।

आंकड़ों के अनुसार, डीबीएन वित्तपोषित योजनाओं के तहत राजस्थान के 1,735 गांवों एवं स्थानों तक 4जी मोबाइल कनेक्टिविटी पहुंचाई जा चुकी है। वहीं भारतनेट परियोजना के अंतर्गत 6,094 ग्राम पंचायतें हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड नेटवर्क से जुड़ चुकी हैं तथा प्रदेश में 40,107 सक्रिय फाइबर-टू-द-होम (एफटीटीएच) कनेक्शन संचालित हो रहे हैं।

मंजू शर्मा ने कहा कि मोबाइल एवं ब्रॉडबैंड नेटवर्क के विस्तार से ग्रामीण राजस्थान में ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन, डिजिटल बैंकिंग, ई-गवर्नेंस, कृषि सेवाओं, ई-कॉमर्स तथा स्वरोजगार को नई गति मिलेगी। इससे गांव और शहर के बीच डिजिटल दूरी लगातार कम होगी तथा प्रदेश डिजिटल समावेशन की दिशा में और अधिक मजबूत होगा।