बराना के विष्णु पारीक को मिलेगा राजस्थान समरसता गौरव अवार्ड

मोड़ का निंबाहेड़ा (सुरेश चन्द्र मेघवंशी)

बराना निवासी एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, साथ ही महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय उदयपुर के कार्यकारिणी सदस्य विष्णु पारीक को राजस्थान स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिष्ठित “राजस्थान समरसता गौरव अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 30 मार्च को जयपुर में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच (वी.एस.ओ.) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम “विश्व बंधुत्व एकामहे” की अवधारणा पर आधारित समृद्ध सांस्कृतिक सम्मेलन एवं विचार प्रेजेंटेशन के रूप में आयोजित होगा। गुलाबी नगर जयपुर में होने वाले इस आयोजन में 25 राष्ट्रों के राष्ट्रध्वजों के सानिध्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर का भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। मंच के संयोजक एवं नेपाल सरकार के प्रथम उपराष्ट्रपति के विशिष्ट सलाहकार डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा (एडवोकेट) ने बताया कि राजस्थान दिवस महोत्सव के अवसर पर समाज में समरसता, सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक योगदान के आधार पर चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा रहा है। इसी क्रम में पूर्व सरपंच विष्णु पारीक को समारोह में विशिष्ट अतिथियों के कर कमलों द्वारा सम्मान प्रदान किया जाएगा। विष्णु पारीक ने सम्मान हेतु चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान स्थापना दिवस महोत्सव प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और गौरव को उत्सव के रूप में मनाने का सशक्त माध्यम है, जो समाज में एकता एवं समरसता का सकारात्मक संदेश देता है। सम्मान की सूचना मिलते ही उनके मित्रों, शुभचिंतकों एवं ग्रामवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।