भीलवाड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सनातन कल्याण महासभा, भीलवाड़ा द्वारा पीप्लेश्वर महादेव मंदिर के समीप स्थित सार्वजनिक उद्यान में पौधारोपण एवं बीज संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महासभा के सदस्यों, क्षेत्रवासियों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के छायादार, औषधीय एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। साथ ही उपस्थित नागरिकों को अपने घरों में तुलसी, पालक, धनिया, टमाटर एवं अन्य उपयोगी पौधों के माध्यम से किचन गार्डन विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। पर्यावरण संरक्षण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सीड बॉल (बीज, मिट्टी एवं खाद से निर्मित गेंद) तैयार करने एवं उनके उपयोग की जानकारी भी दी गई।
महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सतत दायित्व है। यदि प्रत्येक परिवार प्रतिवर्ष कुछ पौधे लगाए और उनका संरक्षण करे तो हरित एवं स्वच्छ भारत का लक्ष्य सहजता से प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से बच्चों की सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही। उपस्थित सभी लोगों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, जल संरक्षण अपनाने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने का संकल्प लिया।
महासभा ने समाज के सभी वर्गों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा अपने जीवन में प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया।
