विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल ने साध्वी माता की सुरक्षा को लेकर जिला कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

जितेन्द्र गौड़

लाखेरी – स्मार्ट हलचल|विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, प्रखण्ड लाखेरी द्वारा जिला कलेक्टर, बूंदी के नाम उपखण्ड अधिकारी लाखेरी के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपकर लाखेरी स्थित शंकरवन मठ में रह रही साध्वी माता की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में संगठन ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों एवं भू-माफियाओं द्वारा मठ के वातावरण को लगातार अशांत करने, साध्वी माता के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में पूर्व में भी पुलिस प्रशासन को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल ने प्रशासन से मांग की है कि साध्वी माता को उचित सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा मठ की शांति एवं धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।