भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|श्री विश्वकर्मा पांचाल (लोहार) समाज की ओर से समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के निराकरण को लेकर 22 मार्च को पांचाल लोहार समाज जिला छात्रावास, तिलक नगर भीलवाड़ा में विशाल सार्वजनिक आमसभा आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले भर से व जिले के आसपास के क्षेत्रों से समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग, प्रबुद्ध नागरिक एवं समाजबंधु बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
आमसभा में समाज में लंबे समय से चली आ रही विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के निराकरण को लेकर गंभीरता से विचार-विमर्श किया जाएगा। विशेष रूप से बाल विवाह, धौवरा प्रथा, मृत्यु भोज, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने पर चर्चा होगी। इसके साथ ही समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने, विवाह समारोह में आभूषण (सोना-चांदी) की न्यूनतम सीमा तय करने तथा मृत्यु भोज में व्यंजनों की संख्या सीमित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी निर्णय लिए जाने की संभावना है।
इसके अलावा समाज को नशा मुक्त बनाने को लेकर भी आमसभा में विशेष रूप से विचार किया जाएगा और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी को एक स्वस्थ और सशक्त समाज मिल सके।
समाज के पदाधिकारियों ने सभी समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आमसभा को सफल बनाने की अपील की है।
