मुकेश खटीक
मंगरोप।थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में 28 वर्षीय विवाहिता मधु गुरुवार सुबह खेत पर फसल काटने गई थी। इसके बाद से वह लापता है। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने जांच मंडपिया चौकी को सौंपी। 48 घंटे बीतने के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं लगा।शनिवार सुबह परिजनों के साथ बड़ी संख्या में रेबारी समाज के लोग मंडपिया चौकी पहुंचे।उन्होंने विवाहिता की जल्द तलाश की मांग को लेकर चौकी का घेराव किया।करीब चार घंटे तक प्रदर्शन चला।इस दौरान पुलिस से कई बार झड़प भी हुई।देर शाम डीएसपी श्यामसुंदर विश्नोई मौके पर पहुंचे।उन्होंने तीन दिन में महिला की तलाश और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।इसके बाद समाजजनों ने धरना समाप्त किया।
परिजनों ने बताया कि मधु, संग्राम रेबारी की बेटी है। उसका ससुराल चित्तौड़गढ़ के रेबारियों की ढाणी में है।पति रामलाल रेबारी ट्रक ड्राइवर है,जो अधिकतर बाहर रहता है।मधु खेती के काम में पिता का हाथ बंटाती है। गुरुवार सुबह 6 बजे वह गेहूं की फसल काटने खेत गई थी।इसके बाद घर नहीं लौटी।परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास भी तलाश की,लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
मधु के दो बेटे हैं—भावेश (8) और अंकित (4)। दोनों कल्याणपुरा के स्कूल में पढ़ते हैं।मधु की दो बहनें हैं,भाई नहीं है।सरपंच अशोक रेबारी और ओबीसी मोर्चा मंत्री किशनलाल रेबारी ने बताया कि 48 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है।पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में जानकारी दी गई,लेकिन अब तक उससे पूछताछ तक नहीं हुई।
चौकी प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि जांच में महिला के मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाली गई। इसमें सामने आया कि मधु की करीब डेढ़ साल से किशनलाल रेबारी नामक व्यक्ति निवासी सेलागुड़ा,जिला राजसमंद से बातचीत हो रही थी। लापता होने से पहले रात 11 बजे से 1 बजे तक दोनों के बीच दो घंटे बातचीत हुई थी।पुलिस ने संदिग्ध किशनलाल से पूछताछ की।उसने बताया कि वह मधु से डेढ़ साल से बात कर रहा है,लेकिन उसके लापता होने में उसकी कोई भूमिका नहीं है।उसने आमेट थाने में मधु के परिजनों और समाजजनों पर परेशान करने की रिपोर्ट भी दर्ज करवा रखी है।