स्वीप अभियान के तहत स्कूलों में निकाली रैलियां, आमजन से लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल। लोकतंत्र की मजबूती और मतदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला स्वीप टीम की ओर से जिले के विभिन्न राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में साइकिल रैलियों का आयोजन किया गया। रैलियों में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और मतदाता जागरूकता से जुड़े नारों के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया।
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा के मार्गदर्शन एवं सान्निध्य में आयोजित इन गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों ने नागरिकों से अपने मताधिकार का महत्व समझने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। साइकिल रैलियों के जरिए संदेश दिया गया कि प्रत्येक मत लोकतंत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
युवाओं की भागीदारी से बढ़ेगी मतदान के प्रति जागरूकता
जिला स्वीप टीम की ओर से मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। साइकिल रैलियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए नागरिकों को जागरूक मतदाता बनने और लोकतंत्र की मजबूती में भागीदारी निभाने का संदेश दिया।