द्वितीय चरण में 77.83 फीसदी मतदान, रायपुर रहा अव्वल

 

रायपुर में 78.67 और जैतारण में 76.99 प्रतिशत मतदाताओं ने डाले वोट, पांचों निकायों में मतदान प्रक्रिया पूरी

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल|नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में शुक्रवार को नगर पालिका जैतारण एवं रायपुर में वार्ड सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चले मतदान में मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर कमल राम मीना ने बताया कि दोनों नगर पालिकाओं में कुल 32,806 मतदाताओं में से 24,712 मतदाताओं ने मतदान किया। इस तरह कुल 77.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों निकायों में रायपुर का मतदान प्रतिशत सर्वाधिक रहा।
नगर पालिका जैतारण में 18,879 मतदाताओं में से 13,756 ने मतदान किया, जिससे यहां 76.99 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं रायपुर में 13,927 में से 10,956 मतदाताओं ने वोट डाले और यहां 78.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
14 सितंबर को होगी मतगणना
द्वितीय चरण का मतदान पूरा होने के साथ ही जिले के सभी पांच नगरीय निकायों में मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई है। अब सभी पांचों नगरीय निकायों के मतों की गणना 14 सितंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदाताओं, मतदान दलों, निर्वाचन अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों सहित निर्वाचन कार्य में जुटे सभी कार्मिकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है।