केरलम के वायनाड में पार्टी दफ्तर की दीवारों और आस-पास के इलाकों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाने वाले पोस्टर सामने आने के बाद एक मामला दर्ज किया गया है।
13 मई को वायनाड में पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में प्रियंका और राहुल गांधी को चेतावनी दी गई थी। बता दें कि वायनाड से ही प्रियंका गांधी सांसद हैं।
‘वायनाड बन जाएगा अगला अमेठी’
अंग्रेज़ी में लिखे एक पोस्टर पर यह बात लिखी थी, “मिस्टर राहुल, केसी भले ही आपके बैग उठाने वाले हों, लेकिन केरल के लोग आपको कभी माफ नहीं करेंगे।”
एक पोस्टर में यह दावा भी किया गया था कि अगर ऐसा कोई फैसला लिया जाता है तो वायनाड अगला अमेठी बन जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश में गांधी परिवार के गढ़ का हवाला दिया गया था, जहां 2019 के लोकसभा चुनावों में राहुल गांधी को हार का सामना करना पड़ा था।
पुलिस को मिला सीसीटीवी फुटेज
एक अन्य पोस्टर पर लिखा था, “मिस्टर राहुल और प्रियंका, वायनाड को भूल जाइए। आप यहां से दोबारा नहीं जीतेंगे।” पुलिस ने बताया कि उन्हें सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें एक व्यक्ति दीवारों पर पोस्टर चिपकाता हुआ दिखाई दे रहा है। अधिकारियों ने बताया कि उसकी पहचान करने की कोशिशें जारी हैं।
