बीसलपुर बांध की नहरों में 25 नवंबर को छोड़ा जाएगा सिंचाई के लिए पानी-256 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|बीसलपुर बांध से रबी की फसलों की सिंचाई के लिए 25 नवंबर को नहरों में पानी छोड़ा जाएगा। बुधवार को जिला कलेक्टर टीना डाबी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बीसलपुर जल वितरण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसानों की मांग पर जिला कलेक्टर ने 25 नवंबर को नहरों में पानी छोड़ने के लिए अधीक्षण अभियंता मनीष बंसल को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम विनोद कुमार मीना, बीसलपुर बांध परियोजना के अधीक्षण अभियंता मनीष बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल प्रसाद, किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट, युवा प्रदेशाध्यक्ष रामेश्वर चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य नहरों एवं वितरिका तंत्र के माध्यम से पानी निर्धारित समय पर नहरों के अंतिम छोर (टेल) तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नहरी तंत्र की साफ-सफाई एवं मरम्मत का कार्य 25 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
कम वर्षा के कारण बांध में कम हुई पानी की आवक
बीसलपुर बांध के अधीक्षण अभियंता मनीष बंसल ने बताया कि इस मानसून वर्ष में बांध के जलग्रहण क्षेत्र में कम वर्षा होने के कारण जल आवक केवल 9.377 टीएमसी रही। पिछले वर्ष के शेष जल एवं इस वर्ष की आवक को मिलाकर 18 नवंबर 2026 तक बांध का संभावित गेज 313.38 मीटर एवं जलभराव 24.245 टीएमसी रहने का अनुमान है, जो बांध की पूर्ण भराव क्षमता का लगभग 62.80 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के लिए पेयजल हेतु आरक्षित जल की आवश्यकता और अगस्त 2027 तक की संभावित निकासी को ध्यान में रखते हुए बांध में 2.314 टीएमसी अधिशेष जल रहने की संभावना है।
81,800 हेक्टेयर भूमि की होगी सिंचाई
टोंक जिले के टोडारायसिंह, देवली, उनियारा एवं टोंक ब्लॉक के 256 गांवों की कुल 81,800 हेक्टेयर कृषि भूमि में रबी की फसलों की सिंचाई के लिए संभावित उपलब्ध जल में से 2 टीएमसी पानी दिया जाना प्रस्तावित है। नहरों में 25 नवंबर से पानी छोड़े जाने के निर्णय से क्षेत्र के किसानों को रबी की फसलों की सिंचाई के लिए बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब किसानों की नजरें नहरी तंत्र की तैयारियों और अंतिम छोर तक समय पर पानी पहुंचने पर रहेंगी।