सूरौठ। स्मार्ट हलचल|कस्बे की शिव कॉलोनी में जल भराव एवं कीचड़ की समस्या के विरोध में बुधवार को महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं एवं कस्बे के लोगों ने प्रशासन से जल्द ही समस्या का समाधान करवाने की मांग की। शिव कॉलोनी निवासी विमलेश देवी, राजकुमारी, लक्ष्मी, लीला, गुड्डी, हरकेसी मीणा, प्रेम प्रजापत, विनीता, दिलीप महावर, जगराम सैन, रामनिवास, विजय कुमार सहित काफी महिला पुरुष कॉलोनी में एकत्रित हुए तथा विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि शिव कॉलोनी की गली नंबर 3 में लंबे समय से गंदे पानी एवं कीचड़ का जमाव हो रहा है। जल भराव के कारण कॉलोनी वासी एवं राहगीर आए दिन चोटिल हो रहे हैं एवं दुर्गंध पूर्ण वातावरण बना हुआ है। लोगों ने बताया कि इस बारे में कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। महिलाओं एवं नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल भराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।