विकसित राजस्थान–2047 की ओर कदम: डाइट उदयपुर में एआई और एडैप्टिव लर्निंग पर वेबिनार

उदयपुर, 28 नवम्बर 2026
स्मार्ट हलचल|विकसित राजस्थान–2047 के लक्ष्य को साकार करने तथा प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), उदयपुर के शैक्षिक प्रौद्योगिकी प्रभाग द्वारा “विकसित राजस्थान 2047 के संदर्भ में ए आई एवं पर्सनलाइज्ड एडैप्टिव लर्निंग” विषय पर ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में डाइट प्राचार्य एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती शीला काहाल्या ने उद्बोधन देते हुए कहा कि विकसित राजस्थान–2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बदलते शैक्षिक परिवेश के अनुरूप स्वयं को नवीन तकनीकों से अपडेट रखें तथा ए आई जैसे आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं विद्यार्थी केंद्रित बनाने में करें।

वेबिनार के मुख्य वक्ता श्री हिमांशु बारांडा रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में शिक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती उपयोगिता, व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण तथा एडैप्टिव लर्निंग की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ए आई आधारित तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने की गति, क्षमता एवं रुचि के अनुसार शिक्षण सामग्री और अधिगम अनुभव उपलब्ध करवाए जा सकते हैं। इससे शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, रोचक एवं विद्यार्थी केंद्रित बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर शैक्षिक प्रौद्योगिकी प्रभाग की प्रभागाध्यक्ष श्रीमती बीना कुंवर राजपूत ने बताया कि विकसित राजस्थान–2047 की परिकल्पना को साकार करने में शिक्षा एवं तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षकों को नवीन तकनीकों, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डिजिटल शिक्षण संसाधनों से परिचित करवाना समय की आवश्यकता है। इस प्रकार के वेबिनार शिक्षकों की तकनीकी दक्षता एवं व्यावसायिक क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

वेबिनार का आयोजन शैक्षिक प्रौद्योगिकी प्रभाग के प्रभारी हरिदत्त शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें उदयपुर एवं सलूम्बर जिले के विभिन्न ब्लॉकों के पीईईओ विद्यालयों से शिक्षकों की ऑनलाइन सहभागिता रही।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को ए आई आधारित नवाचारों एवं व्यक्तिगत अधिगम की आधुनिक अवधारणाओं से परिचित करवाना तथा भविष्य की शिक्षा व्यवस्था के लिए तैयार करना रहा।