बूंदी- स्मार्ट हलचल|आवश्यक सेवाओं संबंधी साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को कार्यवाहक जिला कलेक्टर रामकिशोर मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले में पेयजल, बिजली आपूर्ति व चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए आमजन की सुविधा के लिए स्वीकृत हुए ट्यूबवैल को प्राथमिकता के साथ बिजली कनेक्शन जारी किए जाएं साथ ही जिलेभर में खराब पड़े हैंडपंपों को प्राथमिकता के साथ दुरुस्त करवाया जाएं। ताकि आमजन को गर्मियों में पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना ना करना पड़े।
उन्होंने जिले में स्थापित विभिन्न खरीद केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर की जा रही खरीद प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी लेते हुए निर्देश दिए की खरीद केंद्रों पर आ रही विभिन्न समस्याओं को प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जावें। खरीद एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ खरीद प्रक्रिया को सुगम व व्यवस्थित रूप से संपादित करें ताकि किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने निर्देश दिए की खरीद केंद्रों पर बारदाना, पेयजल, छाया सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जावें। टोकन व्यवस्था से ही जींसों की खरीद की जावे। साथ ही जींस का तुरंत उठाव किया जावें परिवहन व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में ट्रकों की उपलब्धता रखी जावें।
उन्होंने कहा कि हीटवेव के दृष्टिगत सभी चिकित्सा संस्थानों में ओआरएस, कूलर, शुद्ध पेयजल, छाया, पर्याप्त संख्या में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता रखी जावे साफ सफाई का विशेष ध्यान दिया जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग बजट घोषणाओं को धरातल पर जल्द लागू करने के लिए विशेष प्रयास करें। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्मियों में आने वाली लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए कार्य योजना बनाएं। सांसद एवं विधायक कोष के अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करवाएं तथा पूर्ण हो चूके कार्यों के कार्य पूर्णता प्रमाण-पत्र एवं कार्य उपयोगिता प्रमाण-पत्र आवश्यक रूप से भिजवाया जाना सुनिश्चित किया जावें।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रवि वर्मा, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सी पी गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. ओपी सामर, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार शर्मा, प्रवर्तन अधिकारी शिवजी राम जाट सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहें।
