जिसे दुनिया समझती है कबाड़, आकांक्षा जैन उसी से गढ़ रही हैं बच्चों का भविष्य

दीपक राठौर

अनुपयोगी वस्तुओं से तैयार किए 2500 से अधिक टीचिंग लर्निंग मटेरियल एवं वर्किंग मॉडल, सोशल मीडिया पर 5 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचा हुनर; जैन संतों के हूबहू स्केच बनाकर प्राप्त किया आशीर्वाद|

बिजौलियाँ|स्मार्ट हलचल। हुनर हो तो बेकार समझी जाने वाली चीजों से भी कुछ ऐसा बनाया जा सकता है, जो दूसरों के जीवन में बदलाव ला दे। इसी सोच को अपनी पहचान बना चुकी हैं आकांक्षा जैन। घर में पड़ी अनुपयोगी वस्तुएं उनके हाथों में पहुंचकर बच्चों की पढ़ाई का ऐसा माध्यम बन जाती हैं, जिससे मुश्किल विषय भी खेल-खेल में समझे जा सकते हैं। उनका प्रयास केवल मॉडल बनाना नहीं, बल्कि शिक्षा को देखने और समझने का नजरिया बदलना है।

कबाड़ से तैयार कर रहीं ज्ञान का खजाना
आकांक्षा जैन अब तक 2500 से अधिक टीचिंग लर्निंग मटेरियल (TLM) एवं वर्किंग मॉडल तैयार कर चुकी हैं। वे घरेलू और अनुपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल कर बच्चों के लिए अलग-अलग विषयों की शिक्षण सामग्री बनाती हैं। विज्ञान, गणित, हिंदी और अंग्रेजी जैसे विषयों को आसान तरीके से समझाने के लिए वे ऐसे मॉडल तैयार करती हैं, जिनमें बच्चे केवल देखते ही नहीं, बल्कि स्वयं गतिविधियों और प्रयोगों के माध्यम से सीखते भी हैं।

उनकी कोशिश है कि बच्चे किताबों में लिखी बातों को रटने के बजाय उन्हें वास्तविक रूप में देखकर समझें। खास बात यह है कि कम लागत में तैयार होने वाले ये मॉडल शिक्षकों के लिए भी उपयोगी शिक्षण संसाधन बन रहे हैं।

कला में भी बेमिसाल, जैन संतों के बनाए हूबहू स्केच
आकांक्षा की रचनात्मकता का दायरा केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है। चित्रकला में भी उनकी विशेष रुचि है। उन्होंने मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज एवं आर्यिका श्री स्वस्ति भूषण माताजी के हूबहू स्केच तैयार किए और उन्हें भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यह उनकी कला, एकाग्रता और आध्यात्मिक भावनाओं का सुंदर संगम है।

सोशल मीडिया पर लाखों लोगों तक पहुंचा हुनर
आकांक्षा के काम को सोशल मीडिया पर भी बड़ी पहचान मिली है। उनके यूट्यूब चैनल पर 60 हजार, फेसबुक पर 4.5 लाख और इंस्टाग्राम पर 40 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। इस तरह उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 5 लाख से अधिक फॉलोअर्स जुड़े हुए हैं। वे अपने वीडियो के माध्यम से देशभर के शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों तक नए-नए टीएलएम एवं वर्किंग मॉडल बनाने की जानकारी पहुंचाती हैं।

हर मॉडल के पीछे बच्चों को सिखाने का एक नया विचार
आकांक्षा जैन का मानना है कि शिक्षा तभी प्रभावी बनती है, जब बच्चा उसे समझकर सीखता है। उनका प्रयास है कि संसाधनों की कमी किसी बच्चे की सीखने की राह में बाधा न बने। वे अपनी रचनात्मकता से यह संदेश दे रही हैं कि शिक्षा में नवाचार के लिए बड़े बजट की नहीं, बल्कि बड़े विचारों की जरूरत होती है।

किसी के लिए जो अनुपयोगी है, वही आकांक्षा के लिए उपयोगी है। किसी के लिए कबाड़ है, तो उनके लिए बच्चों के भविष्य को संवारने का साधन। शिक्षा और कला के क्षेत्र में उनका यह अनूठा प्रयास निश्चित रूप से प्रेरणादायक है।