घुटनों के बल स्कूल जाने वाले विनोद को मिली नई राह, विभाग ने दी व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल

घुटनों के बल स्कूल जाने वाले विनोद को मिली नई राह, विभाग ने दी व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल

सोशल मीडिया वीडियो देखकर सामाजिक न्याय विभाग ने दिखाई संवेदनशीलता, 11 वर्षीय दिव्यांग बालक का आसान हुआ स्कूल तक सफर

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल|झाला की चौकी निवासी 11 वर्षीय अनाथ दिव्यांग बालक विनोद सिंह रावत के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की पहल से स्कूल तक पहुंचना आसान हो गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विनोद घुटनों के बल चलकर स्कूल जाता दिखाई दिया था। वीडियो की जानकारी मिलने पर विभाग ने उसकी स्थिति की जानकारी लेकर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की पहल की।

विनोद अपने चाचा-चाची के साथ रहकर जीवन यापन कर रहा है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, ब्यावर के विशाल सिंह सोलंकी ने बालक से संपर्क कर उसकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। विभाग की ओर से 14 अगस्त 2026 को विनोद को व्हीलचेयर और बैटरी चालित मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई।

सहायता मिलने के बाद अब विनोद के लिए स्कूल तक आवागमन पहले की तुलना में सुगम हो गया है। उसे घुटनों के बल चलकर स्कूल जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। सहायता मिलने पर बालक और उसके परिजनों ने विभाग का आभार जताया।

विभाग की यह पहल संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण बनी है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो के माध्यम से जरूरतमंद बालक तक सहायता पहुंची और उसके आवागमन के साथ शिक्षा की राह भी आसान हुई।