जब टॉपर को मिली बोर्ड टॉपर एसडीएम की हाथों सम्मान!

सेंट जेवियर्स के प्रखर पर बरसा सम्मान तहसील परिसर बना प्रेरणा का मंच…

(शीतल निर्भीक ब्यूरो)
सलेमपुर(देवरिया)।स्मार्ट हलचल|कभी खुद 12वीं बोर्ड की टॉपर रहीं उपजिलाधिकारी दिशा श्रीवास्तव ने जब जिले के नए टॉपर प्रखर कुमार मिश्रा को सम्मानित किया तो तहसील परिसर का दृश्य प्रेरणा, उत्साह और गौरव से भर उठा। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सफलता की नई इबारत लिख रहे सेंट जेवियर्स स्कूल के मेधावी छात्र प्रखर कुमार मिश्रा ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में 97.4 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उपजिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव ने अपने कार्यालय में विशेष सम्मान समारोह आयोजित कर छात्र और उसके परिवार को सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान जैसे ही प्रखर कुमार मिश्रा को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, वहां मौजूद लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। माहौल पूरी तरह गौरवमयी हो उठा और हर जुबान पर सेंट जेवियर्स विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता की चर्चा होने लगी।

सलेमपुर की उपजिलाधिकारी दिशा श्रीवास्तव ने कहा कि प्रतिभा किसी छोटे या बड़े शहर की मोहताज नहीं होती, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन, अनुशासन और मेहनत की होती है। उन्होंने कहा कि सेंट जेवियर्स जैसे विद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि सलेमपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मेधावी विद्यार्थी इस बात का प्रमाण हैं कि यहां की नई पीढ़ी अब बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती है।
दिशा श्रीवास्तव ने प्रखर के माता-पिता को भी सम्मानित करते हुए कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता के पीछे उसके परिवार का संघर्ष, त्याग और विश्वास सबसे बड़ी ताकत होता है।

इस दौरान सेंट जेवियर्स विद्यालय के प्रधानाचार्य विजयेंद्र शुक्ल ने कहा कि विद्यालय परिवार के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रखर की सफलता पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
प्रधानाचार्य ने कहा कि उपजिलाधिकारी दिशा श्रीवास्तव स्वयं वर्ष 2013 में 12वीं की टॉपर रही हैं और प्रथम प्रयास में यूपीपीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर 21वीं रैंक हासिल की थी। ऐसे में जब एक सफल अधिकारी मेधावी छात्र को सम्मानित करती हैं तो वह पल विद्यार्थियों के लिए जीवनभर की प्रेरणा बन जाता है। उन्होंने कहा कि सेंट जेवियर्स विद्यालय केवल अंक लाने की शिक्षा नहीं देता बल्कि विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना भी विकसित करता है।
प्रखर कुमार मिश्रा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के सकारात्मक शैक्षिक वातावरण को दिया।
उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, समय का सही उपयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें यह मुकाम दिलाया।

इस सम्मान समारोह के दौरान तहसील परिसर में मौजूद लोगों ने भी प्रखर की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सेंट जेवियर्स स्कूल लगातार क्षेत्र का नाम रोशन कर रहा है। लोगों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों का इस तरह राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना साबित करता है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। पूरा समारोह शिक्षा, प्रेरणा और सम्मान का ऐसा संगम बन गया जिसने वहां मौजूद हर विद्यार्थी के भीतर कुछ बड़ा करने का उत्साह भर दिया।कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रखर कुमार मिश्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की । जेवियर्स एजुकेशनल सोसायटी के मैनेजिंग डायरेक्टर डा0 अभिनव नाथ तिवारी ने मेधावी छात्रों को उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए ढेर सारी शुभकामनाएं दी।