बिन्टू कुमार
नारायणपुर |स्मार्ट हलचल|नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नांगलहेड़ी में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक विधवा महिला के घर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। महिला की चार बेटियों की शादी अगले महीने प्रस्तावित थी, जिसके लिए उसने बेटे के सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद प्राप्त बीमा क्लेम से बैंक से निकाली गई रकम व जेवर घर में रखे हुए थे। पीड़िता संती देवी पत्नी स्व. झूथाराम गुर्जर ने बताया कि वह अपनी तीन बेटियों के साथ बैठक में कूलर चलाकर सोई हुई थी। इसी दौरान चोरों ने घर के पिछले हिस्से की दीवार में लगी सीमेंट की जाली को तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोरों ने दो संदूकों के कुंदे तोड़कर उनमें रखे करीब 5.5 लाख रुपये नकद और 1.5 किलो चांदी के जेवरात जिनमें पायजेब, हंसली, चैन, अंगूठी, पौछी आदि चोरी कर फरार हो गए। सुबह करीब 6 बजे जब संती देवी की नींद खुली तो घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी अंदर से लगी मिली। संदेह होने पर पीछे जाकर देखा तो खिड़की की जाली टूटी हुई थी। जांच करने पर एक संदूक गायब मिली और दूसरी संदूक टूटी हुई मिली। महिला ने तत्काल आस-पास के लोगों को सूचित किया और नारायणपुर थाने में सूचना दी। सुचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। खोजबीन के दौरान एक संदूक घर से लगभग 500 मीटर दूर खेत में मिली, जिसके ताले और कुंदे टूटे हुए थे। संती देवी ने बताया कि यह रकम और जेवरात उनके बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद मिले बीमा क्लेम से प्राप्त हुए थे, जिन्हें उन्होंने चार बेटियों की शादी के लिए सहेजकर रखा था। अब यह पूरी पूंजी चोरी हो जाने से वे बेहद सदमे में हैं। पीड़िता एक गरीब विधवा महिला हैं, और परिवार में कमाने वाला कोई नहीं है। उन्होंने प्रशासन से न्याय की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


