ब्यावर में वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार: प्रचोदयात संस्था ने कट्टे से रेस्क्यू किए 4 कछुए, आरोपी वन विभाग के हवाले

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।उदयपुर रोड पर वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जीव-जंतु एवं प्रकृति संरक्षण के लिए समर्पित ‘प्रचोदयात संस्था’ ने चार जलीय कछुओं को तस्कर के चंगुल से मुक्त कराया है। संस्था के सदस्यों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को कछुओं के साथ रंगे हाथों पकड़कर वन विभाग की टीम को सौंप दिया।

कट्टे में भरकर बेचने जा रहा था आरोपी
जानकारी के अनुसार, प्रचोदयात संस्था को गुप्त सूचना मिली थी कि उदयपुर रोड पर करण नामक व्यक्ति एक कट्टे में चार जलीय कछुओं को भरकर उन्हें अवैध रूप से बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही संस्था के सदस्य महेंद्र पंवार, भागचंद, शेखर सांखला, धर्मराज गुर्जर और हेमंत शर्मा तुरंत मौके पर पहुँचे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध व्यक्ति को रोका और तलाशी ली, तो कट्टे के अंदर से चार जलीय कछुए सुरक्षित बरामद हुए।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
संस्था के पदाधिकारियों ने तुरंत इस मामले की जानकारी वन विभाग को दी। इसके बाद बरामद किए गए चारों कछुओं और आरोपी करण को कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर वन विभाग के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया। अब वन विभाग वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रहा है, वहीं रेस्क्यू किए गए कछुओं को उनके प्राकृतिक आवास (जलस्रोत) में सुरक्षित छोड़ा जाएगा।

अवैध व्यापार की सूचना तुरंत प्रशासन को दें: संस्था
कार्रवाई के बाद प्रचोदयात संस्था ने आमजन से अपील की है कि वन्यजीवों का शिकार, तस्करी, खरीद-फरोख्त या उन्हें घर में कैद रखना कानूनन संगीन अपराध है। यदि किसी भी नागरिक को वन्यजीवों के अवैध व्यापार की भनक लगे, तो वे तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित कर एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं।