बस्सी वन्यजीव अभयारण्य में 72वें वन्यजीव सप्ताह 2026 का भव्य समापन

चित्तौड़गढ़ । स्मार्ट हलचल|कार्यालय उप वन संरक्षक, वन्यजीव चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में 72वें वन्यजीव सप्ताह 2026 का शानदार समापन समारोह बस्सी वन्यजीव अभयारण्य के मेघपुरा रिलोकेशन सेंटर पर आयोजित किया गया । इस समारोह में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों के लगभग 600 विद्यार्थियों, शिक्षकों, समाजसेवियों और प्रकृति प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया । कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात वन्यजीव चित्तौड़गढ़ के उप वन संरक्षक श्री सुनील कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और बस्सी अभयारण्य का परिचय देते हुए वन्यजीव सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बस्सी बांध तक शैक्षणिक भ्रमण भी कराया ।
समारोह के विशिष्ट अतिथि, उप वन संरक्षक श्री वी. केतन कुमार ने इस वर्ष की थीम “Connecting Habitats, Thriving Wildlife” के उद्देश्यों को साझा करते हुए पर्यावरण संतुलन और वन्यजीव संरक्षण की आवश्यकता समझाई । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ श्री धर्मेन्द्र सिंह ने अपने उद्बोधन में वन और वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर सतत प्रयास करने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने का कड़ा संदेश दिया। समारोह के दौरान स्कूली छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं और कठपुतली शो का आयोजन किया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया। सप्ताह के दौरान विद्यालयों में आयोजित चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए ।
कार्यक्रम में बिरला सीमेंट के एचआर हेड हेमंत श्रीवास्तव, महाप्रबंधक रविकांत चौधरी, आदित्य सीमेंट के दीपक भट्ट, सहायक वन संरक्षक श्रीमती भावना शर्मा, पर्यावरण प्रेमी उज्जवल दाधीच सहित कई गणमान्य अधिकारी और वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे । इस आयोजन को सफल करानें में आदित्य सीमेंट वर्क्स, नुवोको विस्टास सीमेंट, बिरला सीमेंट वर्क्स (चंदेरिया) और जे.के. सीमेंट वर्क्स (निंबाहेड़ा) का विशेष सहयोग रहा ।