अरुण कुमार केसकर
खखरेरू/स्मार्ट हलचल |फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर 13 सरोजिनी नगर में रविवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला घायल हो गई। परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। आकाशीय बिजली के प्रभाव से घर में लगा इनवर्टर, पंखा और फ्रिज समेत अन्य विद्युत उपकरण भी खराब हो गए।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब आठ बजे शहनाज बानो (40) पत्नी बिस्मिल्लाह अपने परिजनों के साथ कमरे में बैठी थीं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकी। इसके बाद शहनाज के शरीर के आधे हिस्से में झुनझुनी और जलन होने लगी। परिजन तत्काल उन्हें निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने आकाशीय विद्युत आघात की बात बताते हुए उपचार शुरू किया।
घटना के बाद परिवार में अफरातफरी मच गई। आकाशीय बिजली के प्रभाव से घर में लगे इनवर्टर, पंखे और फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरण भी जलने की बात परिजनों ने बताई है।