खेत में काम कर रही महिला को सांप ने काटा: उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में हुई मौत

अविनाश मीणा

स्मार्ट हलचल।दूनी तहसील के स्यावता गांव में खेत पर काम कर रही एक 30 वर्षीय विवाहिता की सांप के काटने से मौत हो गई। यह घटना बुधवार को हुई, जब महिला अपने खेत में कृषि कार्य कर रही थी।जानकारी के अनुसार, हंसा देवी पत्नी रामलाल मीणा (30 वर्ष) अपने परिवार के साथ कुएं पर रहकर खेती-बाड़ी करती थीं। बुधवार को खेत में काम करते समय एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया।सांप के काटने के बाद परिजनों ने हंसा देवी को तुरंत उपचार के लिए नैनवां अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। नैनवां अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दूनी अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर घाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दूनी अस्पताल में पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतका अपने पीछे दो छोटे बेटों को छोड़ गई हैं, जिनकी उम्र 5 और 7 वर्ष है।