सुनील बाजपेई
कानपुर।स्मार्ट हलचल|यहां एक वैज्ञानिक की महिलाओं ने चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। वैज्ञानिक की पिटाई की यह घटना घाटमपुर तहसील परिसर में हुई ,जहां महिला और उसकी दो बेटियों ने झांसी में तैनात फॉरेंसिक वैज्ञानिक की चप्पलों से पिटाई कर दी।
घटना के बारे में प्राप्त विवरण के मुताबिक घाटमपुर तहसील परिसर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला और उसकी दो बेटियों ने झांसी में तैनात फॉरेंसिक साइंस विभाग के वैज्ञानिक की चप्पलों और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। इस मारपीट का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने वैज्ञानिक की तहरीर पर महिला और उसकी दोनों बेटियों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के समय महिला अपनी बेटियों के साथअदालत में तारीख पर आई हुई थी। उसका गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन को लेकर सिविल कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। उसी दौरान झांसी में तैनात फॉरेंसिक साइंस विभाग के वैज्ञानिक संतोष कुमार कुरील भी तहसील परिसर में मौजूद थे।
वैज्ञानिक संतोष को देखकर उसे महिला ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनसे बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और महिला व उसकी दोनों बेटियों ने संतोष को पकड़कर कार से बाहर खींच लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर उन्हें चप्पलों, लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को घाटमपुर थाने ले आई। वैज्ञानिक संतोष कुमार कुरील की तहरीर पर पुलिस ने महिला और उसकी दोनों बेटियों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं महिला का कहना है कि जमीन के मामले में मदद करने की आड़ में संतोष कुरील ने करीब दो वर्षों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने बताया कि इस संबंध में पहले भी घाटमपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। उसके मुताबिक जांच के परिणाम के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
