काछोला 29 अक्टूबर- स्मार्ट हलचल|कस्बे सहित क्षेत्र में करवा चौथ पर सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा।महिलाओं ने अपने सुहाग की लंबी उम्र की कामना को लेकर विशेष पूजा अर्चना की एवं बिना जल अन्न के रहकर पति के दीर्घायु जीवन की कामनाओं के साथ करवा चौथ का पर्व मनाया और व्रत रखा।
सुबह से ही महिलाओं में खास उत्साह देखने को मिला। हाथों में मेहंदी, सोलह श्रृंगार और लाल जोड़े में सजी महिलाओं ने दिनभर बिना अन्न-जल के व्रत रखा।
महिलाओं ने की पूजा सुनी कथा –
शाम को सभी महिलाओं ने एक साथ इकट्ठा होकर करवा माता की कथा सुनी। थाली में करवा, मिठाई, फल और दीया रखकर चंद्रमा के निकलने का इंतजार किया।
चांद दिखने के बाद महिलाओं ने छलनी से पहले चांद और फिर अपने पति का चेहरा देखा, उसके बाद पति के हाथ से पानी पीकर व्रत तोड़ा।
बाजारों में भी दिनभर रौनक रही, मेहंदी और पूजा सामग्री की दुकानों पर भीड़ लगी रही।
व्रत रखने वाली महिलाओं का कहना है कि यह सिर्फ व्रत नहीं, बल्कि पति-पत्नी के विश्वास और प्रेम का त्योहार है।