Homeराज्यउत्तर प्रदेशमिशन शक्ति फेज-5.0 सीयर पुलिस चौकी पर महिला पुलिस ने चलाया जागरूकता...

मिशन शक्ति फेज-5.0 सीयर पुलिस चौकी पर महिला पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

महिला उपनिरीक्षक किरन यादव ने बेटियों को सिखाया आत्मरक्षा का मंत्र!

(शीतल निर्भीक ब्यूरो)
बलिया।स्मार्ट हलचल|उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत आज गुरुवार को उभांव थाना क्षेत्र की चौकी सीयर, बेल्थरा रोड पर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक बलिया के कुशल निर्देशन में महिला उपनिरीक्षक किरन यादव और महिला कांस्टेबल अर्चना पटेल ने महिलाओं और बालिकाओं को एकत्रित कर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य था—महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मसुरक्षित और अधिकारों के प्रति सजग बनाना। कार्यक्रम की शुरुआत मिशन शक्ति के उद्देश्य और सरकार की ओर से चलाई जा रही जनहितकारी योजनाओं की जानकारी के साथ हुई। किरन यादव ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं, जिनका लाभ उन्हें लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य, विवेक और संयम से काम लेना ही सबसे बड़ा हथियार है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में महिलाएं घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत डायल करें 112, 1076, 1090, 102 या 108। इन नंबरों पर त्वरित मदद उपलब्ध है और पुलिस हमेशा आपकी सुरक्षा के लिए तत्पर रहती है।

कार्यक्रम के दौरान साइबर क्राइम पर भी विशेष चर्चा हुई। महिला कांस्टेबल अर्चना पटेल ने बताया कि आजकल ठग सोशल मीडिया और फोन कॉल्स के जरिए महिलाओं और युवतियों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, न ही किसी अज्ञात नंबर से आए कॉल या संदेश पर विश्वास करें।

उन्होंने चेताया कि अगर किसी के साथ ऑनलाइन ठगी या संदिग्ध गतिविधि का सामना हो, तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करके सूचना दें। साइबर अपराध की शिकायत जितनी जल्दी की जाती है, उतनी ही जल्द कार्रवाई संभव है।

कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक ने बालिकाओं को अपने अधिकारों की जानकारी दी और बताया कि शिक्षा ही असली शक्ति है। पढ़ी-लिखी महिला न सिर्फ खुद को सशक्त बनाती है बल्कि समाज को दिशा देती है। उन्होंने कहा कि “मिशन शक्ति” केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि यह हर महिला के आत्मसम्मान की आवाज है।

महिलाओं ने भी इस मौके पर खुलकर अपने विचार साझा किए और पुलिस टीम का धन्यवाद किया। कई युवतियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से आत्मविश्वास बढ़ता है और डर खत्म होता है।

चौकी परिसर में हुए इस कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। सभी ने वादा किया कि वे खुद सतर्क रहेंगी और समाज की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करेंगी।

महिला उपनिरीक्षक किरन यादव ने कहा आज की नारी अब किसी पर निर्भर नहीं, बल्कि खुद अपनी सुरक्षा की ढाल बन रही है। मिशन शक्ति इसी सोच को आगे बढ़ाने का संकल्प है। इस तरह चौकी सीयर, बेल्थरा रोड पर मिशन शक्ति फेज-5.0 का यह जागरूकता कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की नई दिशा देकर संपन्न हुआ।

स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
news paper logo
RELATED ARTICLES