121 महिलाओं की कलश शोभायात्रा से गूंजा शहर, झांकियों ने मोहा मन

महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

महाप्रसादी में उमड़े समाजबंधु, शालू गर्ग ने जीता प्रथम और नीता मित्तल ने द्वितीय पुरस्कार

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।महाराजा अग्रसेनजी की 5150वीं जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल समाज की ओर से आयोजित श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव के तहत ध्वजारोहण, पूजन, यज्ञ-हवन, भव्य कलश शोभायात्रा और महाप्रसादी सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। सुबह निकली शोभायात्रा में 121 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों की मधुर धुनों और महाराजा अग्रसेनजी के सुसज्जित रथ ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।

महोत्सव का शुभारंभ अग्रसेन भवन में अग्रवाल समाज अध्यक्ष अमित बंसल सहित समाजबंधुओं द्वारा ध्वजारोहण एवं महाराजा अग्रसेनजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मारवाड़ी पंचायत भवन में अध्यक्ष रमेश बंसल, बंशी भवन में अध्यक्ष नितेश गोयल, माधोरुक्मणी भवन में अध्यक्ष महेंद्र सलेमाबादी तथा फतेहपुरिया बगीची में पंचायत अध्यक्ष निर्मल बंसल एवं अग्रवाल समाज अध्यक्ष अमित बंसल ने ध्वजारोहण कर महाराजा अग्रसेनजी का पूजन एवं गुणगान किया।

सुबह 9 बजे अग्रसेन भवन से विभिन्न आकर्षक झांकियों से सजी शोभायात्रा रवाना हुई। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शोभायात्रा बंशी भवन पहुंची। पारंपरिक चुंदड़ी साड़ियों में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर चल रही थीं। वहीं महाराजा अग्रसेनजी के सुसज्जित रथ और विभिन्न झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। शोभायात्रा मार्ग पर जगह-जगह तोरण द्वार सजाए गए तथा धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं की ओर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की सहभागिता से शहर का माहौल उत्सवमय हो गया।

यज्ञ-हवन में दी पूर्णाहुति, महाप्रसादी में उमड़े परिवार

बंशी भवन में आयोजित यज्ञ-हवन में राजेंद्र एन. अग्रवाल, श्वेता अग्रवाल, प्रणय अग्रवाल एवं राहुल अग्रवाल ने पूर्णाहुति दी। दोपहर 12:30 बजे फतेहपुरिया बगीची में महाराजा अग्रसेनजी की महाप्रसादी का आयोजन हुआ। स्वादिष्ट व्यंजनों से सजी महाप्रसादी में समाज के अनेक परिवारों ने भाग लेकर प्रसादी ग्रहण की।

शालू गर्ग प्रथम, नीता मित्तल को मिला द्वितीय पुरस्कार

कलश शोभायात्रा में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए शालू गर्ग को प्रथम तथा नीता मित्तल को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त कलश धारण करने वाली सात महिलाओं को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन में माणक डाणी, गणपत सर्राफ, राधेश्याम डाणी, श्रवण बंसल, मोहित गर्ग, सतीश गर्ग, निखिल जिंदल, ओमप्रकाश सर्राफ, डॉ. अशोक बंसल, सीए आर.सी. गोयल, रामस्वरूप अग्रवाल, प्रेम जिंदल, मुकेश अरड़का, चंद्रेश गर्ग, अशोक गोयल, गिरधारी अग्रवाल, अतुल बंसल, नवल मुरारका, कमल मुरारका, टीकमचंद गोयल, अजय सर्राफ, गोविंद अग्रवाल, पूर्वा डाणी, ललिता जालान, उषा अग्रवाल, नमिता जालान, कविता अरड़का, खुशबू सर्राफ, कला गर्ग, अर्चना मित्तल, मीनाक्षी गोयल, निशा गर्ग, नीलम बंसल, सीमा रायपुरिया, समता गोयल, मंजू मुरारका, ट्विंकल अग्रवाल एवं सीमा गुप्ता सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।

महाराजा अग्रसेनजी के सामाजिक समरसता, सेवा, सहयोग और समानता के आदर्शों को समर्पित महोत्सव ने समाज की एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश दिया।