महिला आरक्षण और परिसीमन : लोकतंत्र की असली परीक्षा

(अजय दीक्षित)

स्मार्ट हलचल|महिला आरक्षण और लोकसभा-विधानसभाओं के परिसीमन का मुद्दा केवल संसद में विधेयक पारित कराने तक सीमित नहीं है। यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, राजनीतिक प्रतिनिधित्व, संघीय संतुलन और सामाजिक न्याय से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। संसद का विशेष सत्र बुलाकर इन विषयों पर चर्चा और विधायी प्रक्रिया आगे बढ़ाने का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब सरकार सभी राजनीतिक दलों, राज्यों और समाज के विभिन्न वर्गों की आशंकाओं को गंभीरता से सुने। सवाल यह नहीं है कि महिला आरक्षण होना चाहिए या नहीं, बल्कि सवाल यह भी है कि उसका क्रियान्वयन किस प्रकार हो और परिसीमन से देश के राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन कैसे कायम रखा जाये ।
परिसीमन का अर्थ केवल लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या बढ़ाना या निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलना नहीं है। इसका सीधा संबंध जनता के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से है। सरकार के नए प्रस्ताव में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है। लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक करने का प्रस्ताव है। साथ ही राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात 2051 तक बनाए रखने की बात कही गई है। निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का प्रस्ताव है। लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल है कि क्या सभी राज्यों को समान रूप से राजनीतिक प्रतिनिधित्व का भरोसा मिलेगा? दक्षिण भारत के राज्यों की चिंता रही है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद कहीं उन्हें संसद में अपने प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान न उठाना पड़े। दूसरी ओर, अधिक जनसंख्या वाले राज्यों की प्रतिनिधित्व संबंधी मांगों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसलिए परिसीमन का फार्मूला पारदर्शी, न्यायसंगत और सभी राज्यों की सहमति के साथ तय होना चाहिए।
संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान ऐतिहासिक महत्व रखता है। वर्ष 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से इसे संवैधानिक आधार दिया गया था। अब सरकार इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाना चाहती है। लेकिन एक महत्वपूर्ण प्रश्न यह भी है कि क्या महिला आरक्षण के भीतर पिछड़े वर्गों और अन्य सामाजिक समूहों की महिलाओं के उचित प्रतिनिधित्व पर पर्याप्त चर्चा होगी? क्या राजनीतिक दल वास्तव में महिलाओं को निर्णय लेने का अधिकार देंगे या केवल चुनावी टिकट देकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेंगे? महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल संसद में सीटें आरक्षित करना नहीं, बल्कि महिलाओं को राजनीतिक निर्णयों में वास्तविक भागीदारी देना भी है। 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठकें बुलाने का कार्यक्रम है। 3 दिसंबर तक विशेष बैठकें चल सकती हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 27 नवंबर को नए विधायी प्रस्तावों को मंजूरी दी है। ध्यान रहे, मंत्रिमंडल की मंजूरी का अर्थ संसद से विधेयक पारित होना नहीं है। संविधान संशोधन के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत आवश्यक होगा। इसलिए सरकार को विपक्षी दलों का सहयोग भी हासिल करना होगा। विपक्ष की जिम्मेदारी भी केवल विरोध करना नहीं है। उसे अपनी आपत्तियों और सुझावों को तथ्यों तथा संवैधानिक तर्कों के साथ सदन में रखना चाहिए। देश की संसद कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है, जहां बिना पर्याप्त चर्चा के करोड़ों नागरिकों के प्रतिनिधित्व से जुड़े फैसले कर दिए जाएं।
परिसीमन आने वाली पीढ़ियों की राजनीतिक व्यवस्था को प्रभावित करेगा। इसलिए जल्दबाजी के बजाय व्यापक सहमति आवश्यक है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि परिसीमन आयोग किस आधार पर काम करेगा, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं कैसे निर्धारित होंगी, राज्यों के हितों की सुरक्षा कैसे होगी और महिलाओं के आरक्षण में सामाजिक न्याय का ध्यान किस प्रकार रखा जायेगा।
सवाल यही है कि संसद का विशेष सत्र केवल विधेयक पारित कराने की औपचारिकता बनेगा या देश के लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए गंभीर और ऐतिहासिक चर्चा का मंच बनेगा? महिला आरक्षण का लाभ महिलाओं तक पहुंचना चाहिए, परिसीमन से राज्यों का विश्वास कमजोर नहीं होना चाहिए और संसद के फैसलों में जनता की आवाज सबसे ऊपर रहनी चाहिए। यही स्वस्थ लोकतंत्र की असली कसौटी है।