महिला सुरक्षा संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित, 950 से अधिक विद्यार्थियों ने ऑनलाइन संवाद में लिया भाग

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक श्री रतन सिंह के निर्देशानुसार ब्यावर जिले में महिला सुरक्षा एवं सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “महिला सुरक्षा संकल्प: Safety and Dignity for every Woman” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया के नेतृत्व में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में ब्यावर पुलिस, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अंतर-विभागीय समन्वय पर चर्चा की।

सभी विभागों ने मिलकर काम करने पर जताई सहमति
कार्यालय सभागार में आयोजित मुख्य बैठक में बालिकाओं के चिकित्सा परीक्षण, स्वास्थ्य व पोषण, कानूनी प्रावधानों और आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से रणनीति बनाई गई। बैठक में उपस्थित पुलिस, शिक्षा विभाग और पन्नाधाय सुरक्षा सम्मान केंद्र, प्रेरणा फाउंडेशन व नारी जन जागृति संस्थान जैसी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने महिला सुरक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।

950 से अधिक छात्र-छात्राओं व शिक्षकों से ऑनलाइन संवाद
कार्यक्रम के दूसरे चरण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया ने जिले के सरकारी व निजी स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों के साथ ऑनलाइन संवाद किया। इस वर्चुअल संवाद में 950 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं को राजकॉप ऐप, महिला गरिमा हेल्पलाइन (1090), साइबर हेल्पलाइन (1930), महिला शक्ति आत्मरक्षा योजना, नवीन न्याय संहिता, पोक्सो (POCSO) रूल्स, वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर और विशाखा गाइडलाइंस के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

छात्राओं ने पूछे सवाल, पुलिस ने दिए जवाब
ऑनलाइन सत्र के दौरान स्कूली बालिकाओं ने सुरक्षा और डिजिटल सेफ्टी से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व अधिकारियों ने सरलता से समाधान किया। कार्यक्रम में उप अधीक्षक पुलिस जयपाल, वृताधिकारी ब्यावर राजेश कसाना, महिला थानाधिकारी विद्या मीना, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार शर्मा सहित कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।