मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन पर एफओबी निर्माण में सुस्ती, प्लेटफार्म 2-3 पर काम ठप — रेल प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल|मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म नंबर 1 तथा 2-3 को जोड़ने हेतु 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज (एफओबी) बनाने की योजना पर काम शुरू तो हुआ, लेकिन प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। स्थिति यह है कि 13 फरवरी से खुदाई शुरू होने के बावजूद दस दिनों में एक फीट भी प्रगति नहीं हो सकी है।रेलवे द्वारा दिसंबर 2024 में प्लेटफार्म नंबर 1 पर फुटब्रिज के समीप ओवरब्रिज निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया था। यहां बड़े गड्ढे की खुदाई कर नींव भरी गई और एफओबी के कॉलम भी खड़े कर दिए गए हैं। इसके विपरीत प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर जगह की कमी के कारण कार्य अटक गया है।जानकारी के अनुसार, प्लेटफार्म 2-3 पर सीमित स्थान, लगातार ट्रेनों का आवागमन तथा ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों के कारण तकनीकी बाधाएं सामने आईं। नींव निर्माण के लिए शीट पाइलिंग (लोहे की चादरें लगाकर आधार मजबूत करने की तकनीक) की आवश्यकता बताई गई। इसके लिए अलग से दो ड्रॉइंग तैयार कर नवंबर 2025 में जोन स्तर पर स्वीकृति हेतु भेजी गई थीं। स्वीकृति मिलने के बाद 13 फरवरी से खुदाई कार्य शुरू किया गया, लेकिन अब तक संतोषजनक प्रगति नहीं हुई है। गौरतलब है कि प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर ही अधिकांश ट्रेनों का आवागमन होता है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य में हो रही देरी से स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही निर्माण कार्य की स्पष्ट समयसीमा घोषित कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को शीघ्र राहत मिल सके।अब देखना यह है कि रेल प्रशासन इस धीमी प्रगति पर क्या ठोस कदम उठाता है और लंबित कार्य को कब तक गति प्रदान की जाती है।