बरखा इंडिया कंपनी के खिलाफ श्रमिकों का कलेक्ट्रेट पर हल्लाबोल, 50 कर्मचारियों को हटाने पर भड़का आक्रोश, विधायक अशोक कोठारी के खिलाफ लगाए मुर्दाबाद के नारे

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|शहर में बरखा इंडिया कंपनी के करीब 50 कर्मचारियों को अचानक काम से हटाए जाने के विरोध में श्रमिकों का आक्रोश फूट पड़ा। भारतीय ट्रेड यूनियन सीटू (सिंथेटिक ) के बैनर तले श्रमिकों ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने स्थानीय विधायक अशोक कोठारी के खिलाफ भी मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद श्रमिकों ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रभावित कर्मचारियों को न्याय दिलाने और उनके पीएफ से जुड़े मामलों की जांच कराने की मांग की।

भारतीय ट्रेड यूनियन सीटू के प्रदेश सचिव ओमप्रकाश देवानी ने बताया कि रीको रोड स्थित बरखा इंडिया कंपनी प्रबंधन ने करीब 50 कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व सूचना, लिखित नोटिस या उचित जानकारी दिए अचानक काम से हटा दिया। इससे कर्मचारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। अचानक रोजगार छिनने से उनके परिवारों के भरण-पोषण में भी परेशानी आ रही है।

देवानी ने आरोप लगाया कि कंपनी में कर्मचारियों के पीएफ योगदान, पीएफ खातों में जमा राशि और ईपीएफओ से जुड़े रिकॉर्ड में भी अनियमितताएं होने की आशंका है। इसी को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कंपनी के पीएफ रिकॉर्ड और ईसीआर (इलेक्ट्रॉनिक चालान-कम-रिटर्न) की जांच कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में मांग की गई कि सभी प्रभावित कर्मचारियों के पीएफ योगदान की महीनेवार जांच करवाई जाए। कर्मचारियों के वेतन से पीएफ की कटौती होने पर यह सत्यापित किया जाए कि संबंधित राशि ईपीएफओ के खातों में जमा हुई है या नहीं। जिन कर्मचारियों का पीएफ जमा नहीं कराया गया है, उनकी बकाया राशि नियमानुसार जमा करवाई जाए, ताकि श्रमिकों को उनका हक मिल सके।