प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्ति का लिया संकल्प, वृक्षारोपण से लेकर नुक्कड़ नाटक तक चले कार्यक्रम
स्मार्ट हलचल यूपी/वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून 2025 को बनारस रेलवे स्टेशन पर खास अंदाज़ में मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (Enhm) अभिषेक राय के नेतृत्व में “मिशन लाइफ” के अंतर्गत कई रंगारंग, जागरूकतापूर्ण और पर्यावरण हितैषी कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस आयोजन में वृक्षारोपण, पर्यावरण अनुकूल प्रदर्शनी, ड्राइंग प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों ने सबका ध्यान खींचा। इस वर्ष की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को हराएँ” रही, जिसके तहत स्काउट/गाइड सदस्यों ने प्लास्टिक कचरे पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों और रेलकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र ने 1972 में 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस घोषित किया था और पहली बार 1974 में इसे मनाया गया। उन्होंने कहा कि 2025 की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को हराएँ” हमारे ग्रह को बचाने की दिशा में एक वैश्विक आह्वान है। एकल उपयोग प्लास्टिक से बचने, पुन: प्रयोज्य विकल्पों को अपनाने और प्लास्टिक कचरे को कम करने के उद्देश्य से मंडल स्तर पर व्यापक अभियान चलाया गया है।
बनारस स्टेशन के यात्री हाल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उन्होंने लगभग 200 यात्रियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई—“मैं पर्यावरण को बचाने के लिए अपने जीवन में बदलाव लाऊंगा और दूसरों को भी प्रेरित करूंगा।” इसके अलावा भारत स्काउट एंड गाइड की टीम द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने प्लास्टिक से हो रहे नुकसान को बेहद प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मंडल महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं ने वृक्षारोपण और स्वच्छता रैली में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। स्टेशन परिसर से लेकर सुंदर तालाब के किनारे तक वृहद वृक्षारोपण किया गया। वहीं अधिकारी कॉलोनी लहरतारा में प्रभात फेरी और पार्क में पौधारोपण किया गया। 22 मई से ही मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर “End Plastic Pollution” थीम पर आधारित जागरूकता अभियान चल रहा था। इसमें नुक्कड़ नाटक, पौधारोपण, प्रदर्शनी, निबंध-चित्रकला प्रतियोगिताएं, कपड़े के थैलों का वितरण तथा यात्रियों को जागरूक करने के प्रयास शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) राजेश कुमार सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामाकृष्णन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अभिनव पाठक, विद्युत इंजीनियर आर एन सिंह, सामग्री प्रबंधक नीतेश अग्रवाल, विद्युत इंजीनियर (ऑपरेशन) राहुल यादव और मंडल कार्मिक अधिकारी (इंचार्ज) अभिनव सिंह समेत कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने दी।


