भंवर म्हे पूजन दो… गीतों की गूंज के बीच धूमधाम से मनाया गणगौर महोत्सव

संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी। स्मार्ट हलचल|कस्बे में वैश्य महिला मंडल द्वारा गणगौर महोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान “भंवर म्हे पूजन दो गणगौर…” जैसे पारंपरिक लोकगीतों की गूंज से पूरा माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बन गया।
मंडल की अध्यक्षा श्रीमती विजय खंडेलवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। सभी महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सोलह श्रृंगार कर गणगौर माता की पूजा-अर्चना में शामिल हुईं और सुख-समृद्धि व अखंड सौभाग्य की कामना की।
कार्यक्रम में गीत-संगीत, घूमर नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। सखियों के साथ महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों पर नृत्य कर उत्सव को जीवंत बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान आपसी प्रेम, एकता और संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर मंडल की सदस्यों ने बताया कि गणगौर महोत्सव केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है, जिसे हर वर्ष इसी उत्साह के साथ मनाया जाता रहेगा।